लुधियाना : भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ चल रहे कांग्रेस सांसद संतोख सिंह का निधन हो गया. वे आज सुबह अचानक बीमार पड़ गए. उन्हें फगवाड़ा के विर्क हॉस्पिटल ले जाया गया. यहां उनका निधन हो गया. वह कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ चल रहे थे तभी उनकी धड़कन तेज हो गई. कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा को रोक कर अस्पताल पहुंचे हैं. वहीं राहुल गांधी की यात्रा आज सुबह 7 बजे लुधियाना के लोडोवाल से शुरू हुई थी. संतोख सिंह जालंधर सीट से कांग्रेस के सांसद थे.
यात्रा को सुबह 10 बजे जालंधर के गोराया में पहुंचना था, जहां लंच के लिए यात्रा में विराम होता. वहीं उसके बाद शाम 3 बजे यात्रा को फिर से शुरू होती और शाम 6 बजे फगवाड़ा के बस स्टेशन के पास रुकती. आज यात्रा का रात्रि विश्राम कपूरथला में कोनिका रिसोर्ट के पास मेहत गांव में था, लेकिन आज सुबह करीब 9:30 बजे कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन के बाद यात्रा को रोकना पड़ा. हालांकि अबतक कांग्रेस की ओर से इसको लेकर कोई घोषणा नहीं की गई है कि आज यात्रा को रोका जाएगा या फिर राहुल गांधी फिर यात्रा में शामिल होंगे.