Morbi Bridge Collapse: गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल मोरबी में घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस हादसे में अब तक 132 लोगों की मौत हो चुकी है। जानिए अब तक का अपडेट।
पीएम मोदी कल जाएंगे मोरबी
गुजरात के मोरबी में हुए हादसे के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक नवंबर को मोरबी जाएंगे। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी घटनास्थल का जायजा लेंगे।.
मेंटिनेंस कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज
मोरबी पुल हादसा मामले में केबल ब्रिज का मेंटिनेंस करने वाली कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। कंपनी के खिलाफ आईपीसी की धारा 304, 308 और 114 के तहत केस दर्ज किया गया है।
प्रशासन ने घड़ी-बल्ब बनाने वाली कंपनी के जिम्मे ही छोड़ दिया पुल?
मोरबी का यह ऐतिहासिक पुल शहर की नगर पालिका के अधिकार में था। नगर पालिका ने इसकी मरम्मत की जिम्मेदारी अजंता ओरेवा ग्रुप ऑफ कंपनीज को सौंपी थी। यह इलेक्ट्रॉनिक घड़ियों, कैलकुलेटर, घरेलू उपकरणों और एलईडी बल्ब बनाने वाली कंपनी है। ओरेवा ने ही देश में सबसे पहले एक साल की वारंटी के साथ एलईडी बल्ब बेचने की शुरुआत की थी।
नगर पालिका के CMO संदीप सिंह झाला ने माना कि मरम्मत के दौरान कंपनी के कामकाज की निगरानी के लिए कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं थी। यानी पूरी तरह से कंपनी के ऊपर छोड़ दिया गया कि वह पुल को कैसे और किससे बनवाती है और कब चालू करती है?
पिकनिक स्पॉट था, फिर रेस्क्यू और मेडिकल टीम कितनी अलर्ट थी?
हादसे के 15 से 20 मिनिट के अंदर ही 108 की एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई थीं। दुर्घटना बड़ी होने की वजह से 108 कमांड सेंटर ने आसपास के सभी जिलों की एंबुलेंस भी बुला ली थीं। करीब आधे घंटे में 300 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई थीं। घायलों को दुर्घटना स्थल से 7 मिनट की दूरी पर मौजूद जिला अस्पताल ले जाया गया।