सार
कानपुर से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आया है। यहां गाय के मुंह में बम फटने से हड़कंप मच गया। गाय के जबड़े का अधिकांश हिस्सा फट गया है और उसका ऑपरेशन किया जाएगा।
Kanpur News : काकादेव के एम ब्लाक में नशेबाजों ने शुक्रवार को गाय के मुंह में बम लगाकर फोड़ दिया। बम फटने से गाय का जबड़ा फट गया। क्षेत्रीय लोगों ने जानकारी नगर निगम की टीम को दी।
नगर निगम का कैटल कैचिंग दस्ता गाय को रायपुरवा स्थित पशु चिकित्सालय में इलाज के लिए ले गया। नगर निगम के मुख्य पशु चिकिसाधिकारी डा. आरके निरंजन ने बताया कि गाय का इलाज चल रहा है।
पुलिस आयुक्त बीपी जोगदण्ड ने बताया कि कूड़े के ढेर के पास गाय के चरते समय विस्फोट होने से घायल हुई है। विस्फोट किस चीज का था, इसकी जांच कराई जा रही है। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल गाय का पशु अस्पताल में इलाज चल रहा है।
शरारत करने वाले के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
उन्होंने बताया कि सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और नगर निगम की टीम ने गाय को इलाज के लिए पशु अस्पताल में भर्ती कराया है। फिलहाल शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि गाय का जबड़ा बम से फटा है। हालांकि पुलिस कई एंगल से मामले की जांच कर रही है। इसके साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर यह किसी असामाजिक तत्व की शरारत हुई तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जबड़े का किया जाएगा ऑपरेशन
वहीं, एसपीसीए के प्रभारी डॉ. राजेंद्र ने बताया कि गाय को बेहद गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। उन्होंने गाय का इलाज करते हुए उसे एंटीबायोटिक के साथ ही एनाल्जेसिक दिया है। इसके अलावा डेक्सामेथासोन इंजेक्शन भी दिया है। फिलहाल गाय के जबड़े पर अस्थाई प्लास्टर चढ़ाया गया है। अब जबड़े का ऑपरेशन किया जाएगा। जबड़े का ज्यादातर हिस्सा उड़ चुका है।