सार
मांडर विधानसभा के उपचुनाव में कुल 14 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं. गुरुवार को नाम वापसी के अंतिम दिन तिथि को AIMIM के प्रत्याशी शिशिर लकड़ा ने नाम वापस ले लिया
Jharkhand News : मांडर विधानसभा उपचुनाव में नया मोड़ आ गया है। निर्दलीय परचा दाखिल करनेवाले देव कुमार धान ने अब ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (AIMIM) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। वर्ष 2019 में देव कुमार धान को भाजपा से मांडर विधानसभा के लिए टिकट दिया गया था। तब झाविमो प्रत्याशी रहे बंधु तिर्की ने इन्हें मात दी थी। इस बार विधानसभा उप चुनाव में भाजपा ने उनका पत्ता काट दिया। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल कर दिया।
शुक्रवार को एआइएमआइएम के उम्मीदवार शिशिर लकड़ा ने देवकुमार धान के समर्थन में अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद ही देव कुमार धान ने एआइएमआइएम की सदस्यता लेकर चुनाव लड़ने का फैसला किया। शिशिर ने देव कुमार धान का समर्थन करने का फैसला लिया है। देव कुमार धान के एआइएमआइएम की सदस्यता लिए जाने के बाद अब मांडर विधानसभा उप चुनाव त्रिकोणीय हो गया है। सभी प्रत्याशी अभी से ही अपनी जीत का दावा मजबूत करने में लगे हैं। सरना, मुसलिम और आदिवासियों के वोटों में सेंधमारी की भी तैयारी चल रही है।