Corona Cases: कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में बीते कुछ दिनों में तेजी को देखते हुए महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली ने मास्क को फिर से अनिवार्य कर दिया है। राज्य सरकार ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने के लिए कहा है। राज्य सरकार की ओर से सभी जिला अधिकारियों को चिट्ठी लिखकर नए दिशा निर्देशों की जानकारी दी गई है।
पांच राज्यों में निगरानी की जरूरत
स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्य सरकारों को 3 जून को पत्र भेजा है। पत्र के अनुसार के पांच राज्यों महाराष्ट्र, तेलंगाना, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु को बढ़ते कोरोना केस को रोकने के लिए नियमों का सख्ती से पालन करवाने को कहा है। मंत्रालय ने इन राज्यों को कोरोना के संक्रमण को कंट्रोल करने के लिए “सख्त निगरानी बनाए रखने और पहले जैसी कार्रवाई करने को कहा है।”
दिल्ली में कोरोना कंट्रोल
दिल्ली में शुक्रवार को 345 नए मामले सामने आए, जबकि 389 लोग ठीक हो गए। अच्छी खबर ये है कि मौत एक भी नहीं हुई। यहां अब 1,446 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। दिल्ली में अब तक 19 लाख 7 हजार 982 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। 26 हजार 212 ने जान गंवाई है।
केरल में केस घटे
केरल में शुक्रवार को कोरोना के 1,278 नए केस मिले हैं। 743 संक्रमित ठीक हुए, जबकि 6 मरीजों की मौत हुई। अब 6,642 मरीजों का इलाज चल रहा है। इससे एक दिन पहले, यानी गुरुवार को 1,370 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। राज्य में अब तक 65 लाख 60 हजार 901 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 64 लाख 83 हजार 623 ठीक हुए हैं, जबकि 69 हजार 773 की मौत हुई है।
महाराष्ट्र में पॉजिटिविटी रेट 8% से अधिक
महाराष्ट्र में पिछली लहरों में भी सबसे ज्यादा केस आए थे। इस बार भी महाराष्ट्र में बढ़ते केस ने लोगों की चिंता बढ़ाई है। इस बार वीकली पॉजिटिविटी रेट 8% से अधिक है। यानी हर 100 टेस्ट पर 8 लोग पॉजिटिव मिल रहे हैं। राजधानी मुंबई में अप्रैल की तुलना में मई में अस्पताल में भर्ती होने की दर में 231% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
हवाई यात्रियों के लिए दिल्ली हाईकोर्ट ने दिए ये निर्देश
दिल्ली हाईकाेर्ट ने हवाई यात्रियों के लिए मास्क समेत अन्य काेराेना नियमों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। होईकोर्ट ने कहा कि जो नियमों का पालन न करें, उन पर केस दर्ज हाे, जुर्माना लगाया जाए और ऐसे यात्रियों काे नो फ्लाई लिस्ट में डाल दिया जाए।