सार
उत्तर प्रदेश के मथुरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म 8 से चोरी हुए बच्चे को फिरोजाबाद में BJP नेता के घर से बरामद कर लिया गया है.
Mathura Junction Stolen Child Recovered : मथुरा जंक्शन स्टेशन से चोरी हुआ 7 महीने का बच्चा फिरोजाबाद में भाजपा पार्षद के घर मिला। रेलवे पुलिस ने 200 से ज्यादा CCTV कैमरों को चेक किया। CCTV फुटेज के आधार पर 6 दिन तक रेलवे पुलिस ने करीब 800 किलोमीटर का दौरा किया। कई जगह दबिश दी।
रेलवे पुलिस ने फिरोजाबाद में भाजपा पार्षद और उनके पति पूर्व सभासद कृष्ण मुरारी अग्रवाल को अरेस्ट कर लिया है। पूछताछ में पार्षद दंपति ने बताया कि उनके कोई बेटा नहीं था। एक नर्स के जरिए उन्होंने इस बच्चे को खरीदा था। उन्हें नहीं पता था कि यह बच्चा चोरी का है।
रेलवे पुलिस ने बच्चा चोरी करने वाले आरोपी दीपक को भी पकड़ लिया है। वह हाथरस का रहने वाला बताया जा रहा है। हालांकि, उसने बच्चा क्यों चुराया। किससे डील हुई थी। इस बारे में अभी रेलवे पुलिस ने जानकारी नहीं दी है। एसपी ने कहा कि उससे पूछताछ की जा रही है।
मां के पास सोते समय बच्चे को किया था चोरी
मथुरा रेलवे स्टेशन से 7 महीने का बच्चा 24 अगस्त को चोरी हुआ था। वह प्लेटफार्म पर मां के बगल में सो रहा था। तड़के 4.20 बजे सफेद शर्ट और ब्लैक पैंट पहने एक युवक आया। वहां थोड़ी देर प्लेटफार्म पर टहलता रहा। इसके बाद मां को हाथ से हिलाकर देखा। कंफर्म किया कि मां सो रही है। इसके बाद वह चुपचाप बच्चे को उठाकर कई कदम धीरे-धीरे चला।
जैसे ही कुछ कदम आगे बढ़ा। भागकर स्टेशन के बाहर निकल गया। बच्चा चोर की पूरी हरकत CCTV में कैद हो गई। युवक स्टेशन के बाहर भी जाते दिखाई दे रहा है। घटना प्लेटफार्म नंबर 8-9 की है।
पार्षद पति का विवादों से पुराना है नाता
जीआरपी पुलिस की गिरफ्त में गए पार्षद विनीता अग्रवाल के पति कृष्ण मुरारी अग्रवाल का विवादों से पुराना नाता है। नगर निगम में अधिकारी कर्मचारियों के साथ बदतमीजी और फर्जी शिकायतों को लेकर कई बार आरोप लगते रहे हैं।