Jharkhand News : सूबे के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो हमेशा राज्य के स्कूलों में अपने औचक निरीक्षण से सबको चौंका देते हैं। इस बार मंत्री जी गिरिडीह के डुमरी स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय पोरदाग पहुंचे। वहां पहुंचते ही उन्होंने बच्चों को मीड डे मील के लिए प्लेट धोते देखा। यह देख मंत्री जी भी बच्चों के साथ बच्चा बन गए। उनके प्लेट धोने के लिए खुद से चापाकल चलाए। बच्चों से बात की। इसके बाद स्कूली बच्चों के साथ मध्याह्न भोजन किया। मंत्री महतो शहीद मुक्तेश्वर महतो के 24 वां शहादत दिवस में भाग लेने पोरदाग पहुंचे थे।
शहादत दिवस में भाग लेने के बाद जब वे वहां से निकलने लगे तो कार्यक्रम स्थल के समीप स्थित विद्यालय में एमडीएम खिलाने का समय हो गया था। बच्चे अपनी-अपनी थाली चापाकल में साफ कर रहे थे। यह देख मंत्री चापाकल पहुंचे और खुद चापाकल चलाकर बच्चों को हाथ बंटाया। इसके बाद वे बच्चों के साथ एमडीएम खाने के लिए लाइन में बैठ गये। इस दौरान बच्चों के साथ-साथ मंत्री ने भी एक थाली में दाल, भात और चोखा लेकर बच्चों के साथ एमडीएम खाने लगे। इस दौरान उन्होंने बच्चों से खाना के स्वाद के बारे में भी पूछा और कुछ बातें भी की। भोजन करने के बाद उन्होंने रसोइया को बुलाकर बात की और स्वादिष्ट खाना बनाने की प्रशंसा की ओर अपनी ओर उसे मिठाई खाने के लिए कुछ रुपए भी दिए।
जिस दिन देश के तमाम अधिकारी चाह लेंगे,
उसी दिन से सरकारी स्कूलों का स्वर्णिम काल आरंभ हो जाएगा। pic.twitter.com/BH0XZh0qwG— Jagarnath Mahto (@Jagarnathji_mla) July 28, 2022
इस संबंध में पूछे जाने पर मंत्री महतो ने कहा कि खाना स्वादिष्ट था। लेकिन मीनू कुछ बदला हुआ था। हमने मन भरकर खाया। रसोइया को हम खुशी से मिठाई खाने के लिए कुछ राशि दी। अब एक दिन आएंगे और विद्यालय का पठन पाठन देखेंगे। मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष राजकुमार महतो, बीस सूत्री अध्यक्ष डेगलाल महतो, विधायक प्रतिनिधि राजकुमार पांडेय, कारी बरकत अली, उप प्रमुख उपेंद्र महतो, डेगनारायण महतो, पूर्व जिप अध्यक्ष राकेश महतो, मुखिया दिलीप कुमार, जगदीश महतो, बासुदेव महतो आदि उपस्थित थे।