जापान के मौसम विभाग ने बेहद खतरनाक तूफान नानमाडोल की चेतावनी दी है। ये तूफान तेजी से जापान की तरफ बढ़ रहा है। आज यानी 18 सितंबर को इसके जापान के समुद्री तट से टकराने की आशंका जताई जा रही है। इसकी वजह से कई जगहों पर लैंडस्लाइड, बाढ़ आ सकती है। इस दौरान तेज हवा और भारी बारिश की आशंका भी जताई गई है।
जापान की वैदर एजेंसी के मुताबिक, काफी नुकसान हो सकता है। इस साल जापान में आने वाला ये 14वां तूफान है। शनिवार को ये जापान के एक रिमोट आईलैंड मिनामी दैतो से टकराया। ये आईलैंड ओकिनावा द्वीप से करीब 400 किमी की दूरी पर है। तूफान 270 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। इसकी वजह से क्यूशू के दक्षिणी कागोशिमा प्रांत में तेज बारिश होगी। इसके बाद ये नॉर्थ की तरफ बढ़ जाएगा।
प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए
कागोशिमा एडमिनिस्ट्रेशन ने बताया कि खतरे को देखते हुए करीब 25 हजार घरों में बिजली की सप्लाई रोक दी गई है। कई ट्रेनें, फ्लाइट्स भी रद्द कर दी गई है। लोकल ट्रांसपोर्ट को भी फिलहाल के लिए बंद कर दिया गया है। तूफान को बहुत खतरनाक बताते हुए लोगों से सुरक्षित जगहों पर रहने की अपील की जा रही है। एक अधिकारी ने कहा- तेज हवाओं से कई घर तबाह हो सकते हैं। करीब 510 फ्लाइट्स कैंसल कर दी गई हैं।
हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां
इस तूफान के आने की आहट से राहत और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जापान के मौसम विभाग के प्रमुख रयुता कुरोरा का कहना है कि तूफान की वजह से समुद्र में ऊंची लहरों के उठने और रिकार्ड बारिश की आशंका बनी हुई है। इसके बाढ़ आने का खतरा बढ़ सकता है।