Railway News : देवघर से बेंगलुरू को चलेगी नई ट्रेन, जल्द जारी होगा टाइम टेबल और रूट !

deoghat to banglore train

Railway News :झारखंड से बेंगलुरू जानेवाले यात्री, कामगार और छात्रों के लिए गुड न्यूज। बाबा नगरी देवघर से बेंगलुरू के लिए नई ट्रेन चलेगी। जल्द ही इस ट्रेन के टाइम टेबल और रूट की घोषणा हो जाएगी। अभी बेंगलुरू के लिए हटिया से ट्रेन चल रही है पर हर दिन नहीं चलती है। उस ट्रेन का लाभ रांची और आसपास के यात्रियों को ही मिल पाता है। नई ट्रेन संताल के यात्रियों को बेंगलुरू पहुंचाएगी।

देवघर से बेंगलुरू की नई ट्रेन चलने की खबर गोड्डा सांसद डा. निशिकांत दुबे ने इंटरनेट मीडिया पर अभी थोड़ी पहले ही शेयर की है। सांसद ने लिखा है कि प्रधानमंत्री ने विकास के मूल मंत्र को साकार करते हुए अंग प्रदेश के लोगों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने देवघर से बेंगलुरू नई ट्रेन दी है। जल्द ही इसके परिचालन की तिथि निर्धारित की जाएगी।

धनबाद, बोकारो और रांची होकर चली तो अधिक लोगों को फायदा
इससे पहले जसीडीह से वास्को-द-गामा साप्ताहिक ट्रेन गोड्डा सांसद की मांग पर चलाई जा चुकी है। ट्रेन चलने से संताल के साथ-साथ धनबाद, बोकारो और रांची को भी गोवा की सीधी ट्रेन मिली है। इसके साथ ही आसनसोल-अहमदाबाद एक्सप्रेस, देवघर-पुणे एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें भी झारखंड की झोली में आयी हैं। अब देवघर-बेंगलुरू की नई ट्रेन अगर धनबाद होकर चली तो राज्य की बड़ी आबादी को बेंगलुरू के लिए भाग-दौड़ करने से छुटकारा मिल जाएगा। हालांकि सांसद ने इंटरनेट मीडिया पर जो जानकारी साझा की है, उसमें अंग प्रदेश के लोगों को फायदा होने का जिक्र है। लिहाजा, ऐसी भी संभावना है कि ट्रेन देवघर से अंग प्रदेश यानी भागलपुर वाले रूट से चलाई जाए। ऐसा हुआ तो राज्य की बड़ी आबादी को बेंगलुरू की ट्रेन से वंचित होना होगा। देवघर और आसपास के यात्रियों को ही लाभ मिलेगा। ज्यादा फायदा बिहार के यात्रियों को ही मिल सकेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News