दुर्गापूजा से पहले रांची-दुमका एक्सप्रेस को गोड्डा तक चलाने की तैयारी। गोड्डा स्टेशन के नए प्लेटफार्म 3 और 4 पर इंटरलॉकिंग का कार्य पूरा

ranchi godda intercity train

Jharkhand News : रांची से दुमका जानेवाली ट्रेन दुर्गापूजा से पहले गोड्डा तक चल सकती है। रेलवे ने ट्रेन को दुमका से गोड्डा तक विस्तार देने की कवायद तेज कर दी है। त्योहारी सीजन में यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है। इसके मद्देनजर ही रेलवे जल्द से जल्द ट्रेन के विस्तार की कोशिश में जुट गई है। हालांकि गोड्डा तक विस्तार से पहले रेलवे बोर्ड की इजाजत लेनी होगी। पूर्व रेलवे के सीपीआरओ एकलव्य चक्रवर्ती ने कहा कि सारी तैयारियां पूरी होने के बाद रेलवे बोर्ड से अनुमति ली जाएगी। बोर्ड की हरी झंडी मिलने पर ही ट्रेन का एक्सटेंशन गोड्डा तक होगा।

रेलवे ने रांची-देवघर इंटरसिटी दुमका तक और रांची-दुमका एक्सप्रेस के गोड्डा तक विस्तार काे मंजूरी दी थी। रांची-देवघर इंटरसिटी का दुमका तक विस्तार हो गया। रांची-दुमका एक्सप्रेस के गोड्डा तक विस्तार की योजना में रेलवे असफल रही। ट्रेन के गोड्डा तक विस्तार के लिए रेलवे बोर्ड ने लगभग पांच महीने पहले 31 मार्च को ही आदेश जारी कर दिया है। रेलवे बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर कोचिंग विवेक कुमार सिन्हा की ओर से जारी नोटिफिकेशन में नौ अप्रैल तक ट्रेन के विस्तार की प्रक्रिया हर हाल में पूरा करने का आदेश है। बोर्ड के आदेश के बाद रेलवे ने गोड्डा से दुमका तक नौ अप्रैल को ही उद्घाटन करा लिया। अब कई महीने गुजरने के बाद भी गोड्डा तक ट्रेन चलाने की तारीख तय नहीं हो सकी है। श्रावणी मेले के दौरान भी रांची-दुमका एक्सप्रेस के गोड्डा तक चलने की उम्मीद जगी थी, पर पूरी नहीं हुई। पूरी संभावना है कि दुर्गापूजा से पहले ट्रेन को गोड्डा तक विस्तार मिल जाएगा।

अभी रांची, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा और देवघर के यात्रियों को झाझा, किउल और भागलपुर वाले रूट से गोड्डा तक पहुंचने की ट्रेन मिल रही है। ट्रेन हफ्ते में तीन दिन ही चलती है। अन्य चार दिनों में गोड्डा तक पहुंचने को सीधी ट्रेन नहीं है। रांची-दुमका एक्सप्रेस के गोड्डा तक विस्तार से देवघर, बासुकीनाथ और दुमका रूट से गोड्डा पहुंच सकेंगे। हर दिन गोड्डा के लिए सीधी ट्रेन मिलेगी। गोड्डा और आसपास के क्षेत्र से धनबाद, बोकारो और रांची आना भी आसान हो जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News