सार
रतलाम रेलमंडल में हुए इस मामले में रेलवे ने तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।
Rail Madad App: तलाम रेल मंडल में एक यात्री को मिले जवाब ने रेलवे में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के उच्चतम मानकों का पालन करने के दावे पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा होने पर रेल यात्रियों के लिए जारी रेल मदद एप पर जानकारी ली जा सकती है। रतलाम में एक यात्री ने जब इस ऐप पर जाकर जानकारी मांगी तो उसे जवाब मिला, आपके पिताजी का क्या जाता है?
दरअसल पूरा मामला रतलाम में गोल्डन टैंपल मेल एक्सप्रेस (Golden Temple Express) का है। शुक्रवार को इस ट्रेन के बारे में यात्री ने एप पर जानकारी मांगी कि ट्रेन कितनी लेट है। इस पर उन्हें जवाब मिला कि कितनी भी देर हो जाए, आपके पिताजी का क्या जाता है। इस जवाब से हैरान रेल प्रशासन यात्री के वरिष्ठ स्तर पर शिकायत करने पर हरकत में आया।
रतलाम संभाग के संचालन विभाग में पदस्थापित तीनों कर्मचारियों को एप पर जानकारी उपलब्ध कराने व अपडेट करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया। ऐसे में कर्मचारी एप के हैक होने का भी हवाला दे रहे हैं। जांच में साफ हो जाएगा कि ऐप हैक किया गया था या फिर जानबूझकर ऐसा कोई जवाब दिया गया।
रेल मदद एप से मिलती है सहायता
रेल मदद एप से यात्री सफर में बेडरोल नहीं मिलने, खाना खराब होने, सफाई सहित अन्य किसी भी तरह की शिकायत कर सकते हैं। इसमें शिकायत के बाद तत्काल संज्ञान लेकर निराकरण का किया जाता है। रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी खेमराज मीणा ने बताया कि तीन कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। एप पर जो जवाब मिला वो गलत था। आगे जांच में स्थिति स्पष्ट होगी।