सार
मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सोहागी पहाड़ में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। 3 वाहनों की भीषण टक्कर हो जाने से लगभग 15 मजदूरों की मौत हो गई है जबकि 40 लोग घायल हुए हैं।
मध्यप्रदेश के रीवा के नजदीक नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार रात भीषण हादसा हो गया। बस और ट्रेलर की टक्कर में यूपी के 15 यात्रियों की मौत हो गई। 40 से ज्यादा यात्री घायल हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी, तब जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
पहले जानते हैं हादसा कब और कहां हुआ
हादसा शुक्रवार की रात 11.30 बजे रीवा से 70 किमी दूर सोहागी पहाड़ी पर हुआ। चश्मदीदों के मुताबिक, बस पहाड़ से नीचे उतरते वक्त ट्रेलर से जा टकराई। हादसे के वक्त बस की रफ्तार काफी तेज थी। बस हैदराबाद से गोरखपुर जा रही थी। इसमें 55 से ज्यादा लोग सवार थे। मरने वालों में ज्यादातर लोग उत्तर प्रदेश के बताए जा रहे हैं। सभी मजदूर हैं। ये दीपावली मनाने अपने घर लौट रहे थे।
शवों को JCB से निकाला गया
हादसा इतना भीषण था कि 4 से ज्यादा लोग बस के अगले हिस्से में फंस गए। इनके शवों को जेसीबी से काटकर बाहर निकाला गया।
पुलिस ने किया रेस्क्यू
घटना की जानकारी लगते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। मौके पर तमाम प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कलेक्टर मनोज पुष्प और एसपी नवनीत भसीन भी घटना स्थल पहुंचे।
शिवराज ने जताया दुख, CM योगी से की बात
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देर रात रीवा जिले में हुए सड़क हादसे पर दुख व्यक्त किया है। चौहान ने शनिवार सुबह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की और बताया कि हादसे में जिन यात्रियों की मृत्यु हुई है उनके पार्थिव शरीर अभी त्योथर में रखे हुए हैं, मध्यप्रदेश शासन द्वारा उन्हें ससम्मान प्रयागराज पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही जो व्यक्ति सुरक्षित हैं या कम घायल हैं, उन्हें फर्स्ट एड दे कर रात को ही दो बसों के माध्यम से प्रयागराज पहुंचाया गया है। ऐसे यात्री जो गंभीर रूप से घायल है उनका इलाज रीवा मेडिकल कॉलेज में निःशुल्क किया जा रहा है।
हेल्पलाइन नंबर जारी
रीवा प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 831970 6674 और 7049122399 जारी किया है। फोन कर घटना के संबंध में जानकारी ले सकते हैं।